Faridabad/Alive News: फरीदाबाद शहर के विकास और सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाला नगर निगम इन दिनों खुद अव्यवस्थाओं का शिकार हो रहा है। बीके चौक स्थित नगर निगम मुख्यालय के ठीक सामने कई दिनों से सीवर का गंदा पानी भरा रहा है और इसकी वजह से सामने की सड़क गड्ढे में बदल गई है। लेकिन संबंधित अधिकारी इस समस्या की सुध लेने को तैयार नहीं हैं।

जानकारी के अनुसार, जलभराव का मुख्य कारण बीके अस्पताल के प्रवेश द्वार के पास सीवर का ओवरफ्लो होना है। जिस कारण सीवर का गंदा पानी सड़क पर आ गया है और नगर निगम कार्यालय के सामने जमा होकर लोगों के लिए परेशानी बन गया है। सड़क पर पहले से मौजूद गड्ढे अब डूब चुके हैं, जिससे स्थिति और भी खतरनाक हो गई है।

इस सड़क पर गंदा पानी भरने से पैदल निकलने वाले लोगों को ही नहीं बल्कि वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों में भरे पानी की वजह से दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। वहीं, पैदल चलने वाले लोग भी डरे रहते हैं कि कहीं किसी वाहन के गुजरने से गंदा पानी उन पर न गिर जाए।
हैरानी की बात यह है कि जिस विभाग के अधिकारियों जिम्मेदारी पूरे शहर से पानी निकासी और साफ सफाई की है, उन्हीं के कार्यालय के सामने लंबे समय से गंदा पानी भरा है, तो बड़ी शर्म की बात है।

