March 8, 2026

छंटाई के नाम पर पेड़ों की कटाई, सेक्टर-16ए जेड पार्क में निगम कर्मियों पर गंभीर आरोप

Faridabad/Alive News: नगर में इन दिनों पेड़ों की छंटाई के नाम पर कटाई का खेल खुलेआम चल रहा है। आरोप है कि नगर निगम के कर्मचारी टहनियों की छंटाई करने के बजाय पूरे पेड़ों की बड़ी-बड़ी शाखाएं काट रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कटे हुए इन पेड़ों को बाद में बेच दिया जाता है। इससे न केवल शहर की हरियाली को भारी नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि इसमें गड़बड़ी और गोलमाल की आशंका भी जताई जा रही है।

ताजा मामला सेक्टर-16ए स्थित जेड पार्क का है, जहां दर्जनभर से अधिक पेड़ों की बड़ी टहनियां काट दी गईं। कटे हुए हिस्सों को ट्रैक्टर में भरकर ले जाया गया। इस घटना को लेकर सेक्टरवासियों में भारी रोष देखने को मिला है।

स्थानीय निवासी एवं एडवोकेट पवन पाराशर ने कहा कि हर साल सर्दियों के मौसम में इसी तरह की गतिविधियां देखने को मिलती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां केवल टहनियों की छंटाई होनी चाहिए, वहां निगमकर्मी बड़े और हरे-भरे पेड़ों को ही नुकसान पहुंचा देते हैं। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।