Faridabad/Alive News: मिशन बुनियाद योजना के पहले चरण की परीक्षा का आयोजन जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है। सुबह साढ़े ग्यारह बजे से विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड और आधार कार्ड की जांच के बाद उन्हें परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। राजकीय स्कूलों के लगभग 4200 विद्यार्थी दोपहर साढ़े बारह बजे से साढ़े दो बजे तक परीक्षा में शामिल होंगे।
मिशन बुनियाद के तहत सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 16 दिसंबर थी, जबकि 18 दिसंबर को एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। पहले चरण की परीक्षा 24 दिसंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन सेट परीक्षाओं के चलते संशोधित डेटशीट के अनुसार इसे 26 दिसंबर को आयोजित किया गया।
पहले चरण का परिणाम 20 जनवरी को घोषित किया जाएगा। इसमें सफल विद्यार्थी दूसरे चरण की परीक्षा में शामिल होंगे। तीनों चरणों में सफल विद्यार्थियों को छह बुनियाद केंद्रों पर प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी कराई जाएगी, जहां पहले से लगभग 500 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
आवेदनों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष मिशन बुनियाद के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2023 में 1600 और 2024 में 1895 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जबकि इस वर्ष 4200 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा में करंट अफेयर्स और पाठ्यक्रम आधारित प्रश्न पूछे जा रहे हैं। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिला शिक्षा विभाग द्वारा अध्यापकों की ड्यूटी लगाई गई है।
महत्वपूर्ण तिथियां
- 20 जनवरी: लेवल-1 का परिणाम घोषित
- 20 जनवरी: लेवल-2 के लिए एडमिट कार्ड जारी
- 30 जनवरी: लेवल-2 की परीक्षा
- 25 फरवरी: लेवल-2 का परिणाम
- 3 अप्रैल: लेवल-3 परीक्षा एवं ओरिएंटेशन
- 5 मई: लेवल-3 का परिणाम
- 15 मई: कक्षाएं प्रारंभ

