March 8, 2026

मंदिर के गल्ले से चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार 

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस द्वारा चोरी की घटनाओं पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने मंदिर के गल्ले से 15 हजार रुपये चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एनआईटी निवासी एक महिला ने पुलिस चौकी टाउन नंबर-2 में शिकायत दी थी। महिला पिपलेश्वर शनिदेव मंदिर, एनआईटी में रखरखाव का कार्य करती है। उसने बताया कि 15 दिसंबर की सुबह जब वह मंदिर पहुंची तो देखा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर के गल्ले से करीब 15 हजार रुपये चोरी कर लिए हैं। इस संबंध में थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने रवि (25), आकाश (20) और लोकेश (21), तीनों निवासी सेक्टर-8, को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रवि और आकाश आपस में भाई हैं, जबकि लोकेश उनका दोस्त है। पुलिस ने आरोपियों से कुल 7,400 रुपये बरामद किए हैं। इसमें रवि से 2,290 रुपये, आकाश से 2,270 रुपये और लोकेश से 2,840 रुपये शामिल हैं।