Faridabad/Alive News: शहर में अपराध पर नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी सिकरी की टीम ने पोक्सो एक्ट के एक मामले में तीन साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेर सिंह, निवासी गांव नोहझील, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी पर सितंबर 2022 में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ गलत काम करने का आरोप है। घटना के करीब 10 दिन बाद पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर लिया था।
मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे वर्ष 2023 में थाना सेक्टर-58 में घोषित अपराधी (पीओ) घोषित किया था। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।
पुलिस चौकी सिकरी की टीम ने आरोपी को 24 दिसंबर को नजफगढ़, दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि मामले में आगे की जांच की जा सके।

