March 8, 2026

विभागीय विवाद में उलझा मोहना बस अड्डा, उद्घाटन अटका

Faridabad/Alive News: लोक निर्माण विभाग और हरियाणा रोडवेज के बीच आपसी विवाद के चलते मोहना बस अड्डे का उद्घाटन अब तक नहीं हो पाया है। लोक निर्माण विभाग ने करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बस अड्डे का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है और इसे छह महीने पहले ही रोडवेज विभाग को अपने नियंत्रण में लेने के लिए पत्र लिखकर सूचित किया जा चुका है।
हालांकि, छह महीने बीत जाने के बावजूद रोडवेज विभाग ने अभी तक बस अड्डे का संचालन अपने हाथ में नहीं लिया है, जिससे यात्रियों को इसका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। रोडवेज विभाग का कहना है कि बस अड्डे में कुछ खामियां हैं और जब तक उन्हें दूर नहीं किया जाता, तब तक इसे नियंत्रण में लेना संभव नहीं है।
इस विवाद का खामियाजा आसपास के करीब 25 गांवों के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। यात्रियों को पलवल और बल्लभगढ़ जाने के लिए ठंड, धूप और बारिश में खुले आसमान के नीचे बसों का इंतजार करना पड़ता है। मोहना गांव के लिए बल्लभगढ़ और पलवल दोनों डिपो से रोडवेज व निजी बसों का संचालन होता है। इसके अलावा यमुना पार खादर क्षेत्र के करीब 15 गांवों के लोग भी इसी मार्ग से आवागमन करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह विभागों के बीच टकराव बना रहा तो करोड़ों रुपये की लागत से बना यह भवन बेकार पड़ा रह जाएगा।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रकाशलाल ने बताया कि रोडवेज विभाग मोहना बस अड्डे को अपने नियंत्रण में क्यों नहीं ले रहा है, इसकी जानकारी वही नहीं दे सकते, इस पर रोडवेज के अधिकारी ही स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। वहीं, रोडवेज महाप्रबंधक शिखा ने कहा कि बस अड्डे में कुछ खामियां हैं, जिन्हें दुरुस्त किए जाने के बाद ही इसे अपने नियंत्रण में लिया जाएगा।