Faridabad/Alive News: पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह के निर्देश पर हरियाणा पुलिस द्वारा 1 दिसंबर से ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अवैध नशा, हथियार, शराब, जुआ-सट्टा और संगीन अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस ने इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए पिछले 24 दिनों में 1097 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 139 मामले दर्ज कर 238 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 29 देसी कट्टे, 4 पिस्टल, 8 कारतूस, 23 किलो 723 ग्राम गांजा, 22.95 ग्राम स्मैक, 1663 बोतल देसी शराब, 312 बोतल अंग्रेजी शराब, 35 लीटर कच्ची शराब और जुए के 31,970 रुपये बरामद किए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 24 दिसंबर को क्राइम ब्रांच AVTS-1 की टीम ने भीम, निवासी डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद को 1 किलो 150 ग्राम गांजा सहित गाजीपुर रोड, डबुआ से गिरफ्तार किया। इसी तरह अवैध हथियार के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने प्रिंस उर्फ काले, निवासी गांव कुरैशीपुर, फरीदाबाद को एनएचपीसी चौक बाईपास रोड के पास से एक देसी कट्टा सहित पकड़ा।
वहीं सट्टा खाई के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने मंगेश उर्फ मंगू, निवासी गांव मोहना (हाल निवासी जैतपुर, दिल्ली) को अजय नगर, पल्ला में सट्टा करते हुए गिरफ्तार किया और उसके पास से 10,400 रुपये बरामद किए।
फरीदाबाद पुलिस न केवल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, बल्कि सामाजिक और मानवीय कार्यों में भी आगे है। सर्दी के मौसम को देखते हुए पुलिस ने 503 जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए, वहीं स्लम क्षेत्रों में बच्चों को जूते और चप्पल भी बांटे गए।

