Faridabad/Alive News: थाना धौज के वर्ष 2023 के एनडीपीएस मामले में अदालत ने दो आरोपियों को 13-13 साल के कठोर कारावास और 1.5 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 8 जून 2023 को अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने थाना धौज क्षेत्र में गांव फतेहपुर तगा से बीजोपुर रोड पर कार्रवाई करते हुए एक एसेंट कार से 36 किलोग्राम गांजा पत्ती बरामद की थी। इस मामले में जितू निवासी गांव बाजना, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) और अमित निवासी गांव अकालगढ़, जिला जींद (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया था। दोनों के खिलाफ थाना धौज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने सबूतों के आधार पर जांच पूरी कर चालान अदालत में पेश किया और मामले को चिन्हित अपराध की श्रेणी में रखा गया। सुनवाई के दौरान 19 गवाहों की गवाही हुई। सभी सबूतों और गवाहों के आधार पर अदालत संदीप यादव, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, फरीदाबाद ने 24 दिसंबर को दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 13-13 साल का कठोर कारावास और 1.5 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
फरीदाबाद पुलिस ने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है और भविष्य में भी ठोस तथ्यों व मजबूत पैरवी के माध्यम से अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

