Faridabad/Alive News: सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि अक्टूबर 2022 में ओआरजी अस्पताल में सीवर क्लीनिंग कार्य के दौरान चार मैनुअल सीवर या सीवेज क्लीनर्स की हुई दर्दनाक मौत के मामले में उनके परिजनों को मुआवजा प्रदान कर दिया गया है। उपमंडल आयुक्त, फरीदाबाद से 15 सितंबर 2025 को मांगी गई विस्तृत रिपोर्ट के अनुसार प्रत्येक मृतक के परिवार को 25-25 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है। सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया।
प्रवक्ता ने बताया कि मृतकों में विशाल (पिता रमेश), रवि गोलदार (पिता राजू गोलदार), रवि (पिता धर्मेंद्र) और रोहित (पिता धर्मेंद्र) शामिल हैं। यह हादसा 5 अक्टूबर 2022 को सेक्टर-16, प्लॉट नंबर-1, फरीदाबाद में हुआ था। इस संबंध में एफआईआर संख्या 273 दिनांक 5 अक्टूबर 2022 को दर्ज की गई थी।
प्रशासन के अनुसार सभी मृतक कर्मचारियों के परिजनों को निर्धारित मुआवजा राशि समय पर उपलब्ध करा दी गई है। इससे न केवल शोक संतप्त परिवारों को आर्थिक राहत मिली है, बल्कि इस प्रकार के जोखिम भरे कार्यों में सुरक्षा मानकों और कर्मचारियों के अधिकारों को लेकर भी एक महत्वपूर्ण संदेश गया है।
फरीदाबाद प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में ऐसे दुर्घटना-प्रवण कार्यों में कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी दुर्घटना की स्थिति में मुआवजा और पुनर्वास की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जाए।

