March 7, 2026

ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन

Faridabad/Alive News: डीएचबीवीएन फरीदाबाद सेक्टर-23 स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन के कर्मचारियों ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में करीब दो घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार और बिजली निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।

सर्कल परिसर में हुए इस प्रदर्शन की अध्यक्षता फरीदाबाद सर्कल सचिव विनोद शर्मा ने की। बड़ी संख्या में पहुंचे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एनआईटी यूनिट के प्रधान लेखराज चौधरी ने कहा कि बिजली विभाग का काम हमेशा जोखिम भरा होता है। ऐसे में तकनीकी कर्मचारियों पर ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी थोपना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस पॉलिसी से कर्मचारियों पर मानसिक दबाव बढ़ेगा, जो भविष्य में नुकसानदायक साबित हो सकता है।

ग्रेटर फरीदाबाद यूनिट के प्रधान सुनील चौहान ने कहा कि कर्मचारियों को बार-बार दूसरी जगह ट्रांसफर करने से बिजली से जुड़े हादसों में बढ़ोतरी हो सकती है। नई जगह पर कर्मचारियों को लाइनों की पूरी जानकारी नहीं होती, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसी कारण यूनियन इस पॉलिसी का कड़ा विरोध कर रही है।

बल्लभगढ़ यूनिट के प्रधान मदनगोपाल ने कहा कि यह ट्रांसफर पॉलिसी कर्मचारियों के लिए “मौत के फरमान” जैसी है। इससे निगम में जानलेवा और गैर-जानलेवा हादसों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने मांग की कि ऐसी पॉलिसी को तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए।

ओल्ड फरीदाबाद यूनिट के सचिव सत्यवान लोहचब ने कहा कि कर्मचारियों पर जबरन ऐसी पॉलिसी थोपना निंदनीय है। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन पूरे प्रदेश में इस पॉलिसी के खिलाफ लगातार विरोध कर रही है और कर्मचारी इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेंगे।

प्रदर्शन के बाद यूनियन की ओर से अधीक्षण अभियंता जितेंद्र सिंह ढुल को अतिरिक्त मुख्य सचिव (ऊर्जा विभाग, हरियाणा सरकार) के नाम एक विरोध ज्ञापन सौंपा गया।

इस प्रदर्शन में मुकेश शर्मा, सुरेंद्र कौशिक, राजबीर, सुधीर, मामचंद, राजेश शर्मा, सुमेर सिंह, महेंद्र, राजेश कुमार, सुभाष पहल, अजय कुमार, गुलशन, भागीरथ सोनी, सुमित खेड़ा, रविदत्त शर्मा, बीरसिंह चेयरमैन, दिगंबर लांबा, जगदीश, देवेंद्र सैनी, परवीन शर्मा, वीरसिंह रावत, पंकज खलेरी, योगेंद्र रावत, कुलदीप डागर, सुशील कुमार सहित बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी मौजूद रहे।