August 14, 2026

क्रिसमस से पहले एनआईटी-1 मार्केट में बच्चों के लिए सैंटा क्लॉज ड्रेस की धूम

Faridabad/Alive News: क्रिसमस को लेकर एनआईटी-1 मार्केट में रौनक बढ़ गई है। बच्चों के लिए सांता क्लॉज की आकर्षक पोशाक बाजार में आ चुकी हैं, जिन्हें देखने और खरीदने के लिए अभिभावकों की भीड़ उमड़ रही है। लाल और सफेद रंग की ये पारंपरिक ड्रेस छोटे बच्चों से लेकर बड़े बच्चों तक के साइज में उपलब्ध हैं।

दुकानदारों के अनुसार, इस बार सांता क्लॉज ड्रेस के कई नए डिजाइन आए हैं। पोशाक के साथ सांताटोपी, बेल्ट, दाढ़ी और बूट कवर भी शामिल किए जा रहे हैं, जिससे बच्चों को पूरा सांता लुक मिल सके। कुछ दुकानों पर ऊनी और फ्लीस कपड़े की ड्रेस भी उपलब्ध है, जो सर्द मौसम को देखते हुए खास तौर पर मंगाई गई है।

मार्केट में सांता ड्रेस की कीमत बच्चों की उम्र और क्वालिटी के अनुसार तय की गई हैं। छोटे बच्चों की ड्रेस 400 से 600 रुपये तक मिल रही है, जबकि बड़े बच्चों के लिए यह 700 से 1200 रुपये तक उपलब्ध है। दुकानदारों का कहना है कि स्कूलों में होने वाले क्रिसमस कार्यक्रमों और नर्सरी-केजी के फंक्शन को देखते हुए डिमांड लगातार बढ़ रही है।

अभिभावकों का कहना है कि बच्चे सांता क्लॉज बनकर बेहद खुश होते हैं और क्रिसमस का उत्साह दोगुना हो जाता है। कई माता-पिता ने बताया कि वे हर साल एनआईटी-1 मार्केट से ही खरीदारी करते हैं, क्योंकि यहां एक ही जगह पर कई विकल्प मिल जाते हैं।

दुकानदारों को उम्मीद है कि क्रिसमस के नजदीक आते ही बिक्री में और तेजी आएगी। बाजार में सांता क्लॉज ड्रेस के साथ-साथ क्रिसमस ट्री, स्टार, जिंगल बेल, लाइट्स और गिफ्ट आइटम्स की बिक्री की भी संभावना है। एनआईटी-1 मार्केट इन दिनों पूरी तरह क्रिसमस के रंग में रंगा नजर आ रहा है।