March 8, 2026

फरीदाबाद शहर की मेयर ने मनोनीत तीन पार्षदों को दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद के पार्षदों की संख्या आज मंगलवार से 46 से बढ़कर 49 हो गई। नगर निगम महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने एक भव्य समारोह में हरियाणा सरकार द्वारा मनोनीत निगम के तीनों पार्षदों को न केवल पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, बल्कि उनको आई कार्ड और उनका स्टैंप भी भेंट किया।

इस मौके पर निगम महापौर ने कहा कि आज इन तीन पार्षदों के और निगम सदन परिवार में जुड़ने के साथ ही फरीदाबाद के हर वर्ग का सीधा संपर्क नगर निगम से हो गया है, उन्होंने कहा की मानोनयन की प्रक्रिया इसीलिए बनाई गई ताकि जो वर्ग सीधे चुनाव के माध्यम से सदन में न पहुंच सके उनको प्रतिनिधित्व दिया जाए और इसी कड़ी में निगम के इन तीनों पार्षदों को सरकार ने निगम सदन का सदस्य बनाया है।

इस शपथ ग्रहण समारोह में पंहुचकर बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा के बड़े भाई टिप्पर चंद शर्मा, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, फरीदाबाद महानगर के जिला अध्यक्ष सोहनपाल छोकर, निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा सहित निगम के अन्य अधिकारियों एवं पार्षदों ने मनोनीत पार्षद बल्लभगढ़ निवासी योगेश शर्मा, गांव चंदावली निवासी जसवंत सैनी तथा ग्रेटर फरीदाबाद निवासी प्रियंका बिष्ट बिधूनी को बधाई दी।

उल्लेखनीय है कि फरीदाबाद नगर निगम में मेयर के अतिरिक्त 46 पार्षद चुनाव जीत कर आए थे और इसके बाद सरकार ने इन तीन को नगर निगम का मनोनीत पार्षद नियुक्त किया था, जिनको आज महापौर द्वारा शपथ दिलाई जाने के बाद निगम सदन में कुल पार्षदों की संख्या 49 हो गई। निगम महापौर का मानना है कि इन नवनियुक्त पार्षदों के साथ निगम और अधिक मजबूती के साथ शहर का विकास कर पाएगा।

उन्होंने कहा कि आज के बाद यह तीन मनोनीत पार्षद भी अन्य पार्षदों की तरह इस क्षेत्र के विकास में अपना सहयोग देंगे। इस मौके पर निगम महापौर ने उपस्थित सभी पार्षदों का आवाहन किया कि आज शहर की सफाई और बढ़ता प्रदूषण हम सभी के लिए एक बड़ी चुनौती है, जिसमें हम सभी को अपनी भूमिकाएं तय करनी होगी। यही शहर के लोगों के प्रति आज हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस मौके पर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने नए नॉमिनेट सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम प्रशासन उनके साथ मिलकर शहर के विकास सफाई बुनियादी ढांचे और आमजन की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है। फरीदाबाद शहर को तीन नए पार्षद मिलने के साथ ही नगर निगम की कार्यप्रणाली को और गति मिलने की उम्मीद है।

इस मौके पर निगम सचिव डॉ विजयपाल यादव, जॉइंट कमिश्नर एशवीर सिंह, भाजपा नेता, निगम अधिकारी और कर्मचारी सहित नामित पार्षदों के साथ आए उनके परिजन भी मौजूद रहे।