Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लगातार अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में टाउन नंबर-1, एनआईटी में 24/25 नवंबर की रात हुई हिमांशु भाटिया की हत्या के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने एक बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक के दोस्त इक्षित को गिरफ्तार किया है, जो इस हत्या का मुख्य षडयंत्रकारी निकला।
पुलिस के अनुसार, हिमांशु भाटिया (27) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता रवि भाटिया की शिकायत पर थाना कोतवाली में हत्या का केस दर्ज हुआ था। चाकू मारने वाले आरोपी भरत को पुलिस पहले ही 26 नवंबर को गिरफ्तार कर चुकी थी। उसकी पूछताछ में इक्षित का नाम सामने आया।
इसके बाद पुलिस ने 27 नवंबर को इक्षित (27), निवासी टाउन नंबर-1, NIT, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि इक्षित और हिमांशु दोस्त थे, लेकिन हिमांशु इक्षित की बहन को परेशान करता था। इक्षित ने बदला लेने के लिए भरत के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
घटना वाली रात इक्षित और भरत कार में थे। इक्षित ने हिमांशु को फोन कर वहां बुलाया। जैसे ही हिमांशु मोटरसाइकिल से पहुंचा, भरत ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने इक्षित को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ पहले भी मारपीट और आर्म्स एक्ट के पांच मामले दर्ज हैं। वह मई 2025 में जमानत पर बाहर आया था।

