Faridabad/Alive News : नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बुधवार को निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में शहर के पंजीकृत आर्किटेक्ट एसोसिएशन के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य निगम क्षेत्र में कॉमर्शियल और रिहायशी भवनों के नक्शे पास कराने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और सुगम बनाना था, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में लगभग 40 पंजीकृत आर्किटेक्ट्स ने हिस्सा लिया और नक्शा अनुमोदन प्रक्रिया, पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड करने, ड्राइंग की तकनीकीताओं और समयबद्ध अनुमोदन से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव निगम आयुक्त के समक्ष रखे।
आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्पष्ट निर्देश है कि नागरिकों को भवन निर्माण से संबंधित किसी भी कार्य के लिए निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें डिजिटल माध्यम से तेज तथा सुचारू सेवाएं उपलब्ध हों। इसी दिशा में प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाने के लिए यह बैठक आयोजित की गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि पोर्टल के माध्यम से आर्किटेक्ट द्वारा अपलोड की गई ड्राइंग पूर्णत: सही है और सभी नियमों का पालन करती है, तो ऐसे मामलों में बिना विलंब के तुरंत नक्शा पास किया जाए साथ ही अनावश्यक आपत्तियों और फाइलों को लंबित रखने की प्रवृत्ति को पूरी तरह समाप्त करने पर जोर दिया।
आयुक्त ने कहा कि वास्तुकारों के सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और आवश्यक सुधार जल्द लागू किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि निगम और वास्तुकारों के बीच बेहतर समन्वय से न केवल नक्शा पास प्रक्रिया सुगम होगी बल्कि शहर के व्यवस्थित विकास को भी गति मिलेगी।बैठक में एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा, सीटीपी धर्मपाल, सीनियर आर्किटेक्ट बी.एस. ढिल्लो, हरियाणा चैप्टर के चेयरमैन विवेक लोबानी, आईआईए फरीदाबाद सेंटर से निर्मल मखीजा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

