Faridabad/Alive News: साइबर थाना NIT की टीम ने IPO में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर की गई 37.75 लाख रुपये की ठगी के मामले में एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ग्रीनफील्ड कॉलोनी के रहने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसे व्हाट्सएप पर “A666 KKR Win Win Collaboration Group” और “A-71 KKR” नाम के ग्रुप में जोड़ा गया। इसके बाद ठगों ने फोन करके उससे संपर्क किया और स्टॉक में निवेश कर रोजाना लाभ कमाने का झांसा दिया।
ठगों ने पीड़ित से एक इंटरनेशनल ट्रेडिंग अकाउंट भी खुलवाया। फिर IPO में निवेश के नाम पर उससे 37.75 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में जमा करा लिए। कुछ दिन बाद ट्रेडिंग अकाउंट में अच्छे रिटर्न दिखाए और और ज्यादा पैसे लगाने के लिए लालच दिया। जब पीड़ित ने और निवेश करने से मना कर दिया और अपने पैसे निकालने की बात कही, तो ठगों ने उसका अकाउंट फ्रीज कर दिया और पैसे वापस देने के लिए और रकम की मांग करने लगे। शिकायत पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने अनुज गुप्ता (35), निवासी शास्त्री नगर दिल्ली, हाल निवासी शालीमार बाग, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि अनुज उस खाते का धारक है, जिसमें ठगी के 7 लाख रुपये आए थे। आरोपी पहले दिल्ली में रेस्टोरेंट चलाता था।
पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

