March 8, 2026

वीपीएन और टोल-फ्री नंबर दिलाने के नाम पर 5.39 लाख की ठगी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने वीपीएन और टोल-फ्री नंबर (TFN) उपलब्ध कराने के बहाने ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

शिकायत सेक्टर-3 निवासी कुशल ने दी थी। उन्होंने बताया कि 5 सितंबर को कॉल सेंटर के लिए वीपीएन और TFN सेवाएं लेने के लिए उनकी एक व्यक्ति से बात हुई। उस व्यक्ति ने सेवाएं देने का वादा किया और उनसे 5,39,500 रुपये ले लिए। लेकिन न तो वीपीएन सेवा मिली और न ही टोल-फ्री नंबर। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने जांच करते हुए आरोपी सुखदीप सिंह (41), निवासी जालंधर (पंजाब), को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पता चला कि सुखदीप को ठग गिरोह की ओर से धोखाधड़ी के लिए फोन नंबर और डाटा भेजा जाता था। उसी के आधार पर उसने शिकायतकर्ता से संपर्क कर पैसे अपने खाते में मंगवाए थे।

आरोपी को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की जांच की जा रही है।