March 7, 2026

निगम क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट पर कब्जा करने वालों पर लगाया जाएगा एनजीटी एक्ट का जुर्माना – धीरेंद्र खड़गटा

Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने मंगलवार को वार्ड-37 और वार्ड-39 का दौरा कर ग्रीन बेल्ट में किए गए अवैध कब्जों का निरीक्षण किया। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि ग्रीन बेल्ट पर कब्जा करने वालों पर NGT एक्ट के तहत चालान किया जाएगा।

दौरे के दौरान स्थानीय पार्षद मुकेश अग्रवाल और पार्षद नीलम बरेजा की ओर से गोल्डी बरेजा ने अपने वार्ड की विभिन्न समस्याओं से आयुक्त को अवगत कराया। आयुक्त ने सेक्टरवासियों से भी उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान संयुक्त आयुक्त राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

आयुक्त खड़गटा ने पार्षद मुकेश अग्रवाल, रणबीर चौधरी, सतवीर शर्मा और अजीत नंबरदार के साथ सेक्टर-9 के सांझ पार्क, सद्भावना पार्क, इंडियन ऑयल रोड तथा वाटर डिस्पोज़ल पॉइंट का निरीक्षण किया। जलभराव की समस्या पर गंभीरता से चर्चा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को ऐसी योजना तैयार करने के निर्देश दिए जिससे भविष्य में जलभराव की स्थिति न बने।

वार्ड-37 के पार्कों के रखरखाव और मार्केट में शौचालय निर्माण की मांग पार्षद मुकेश अग्रवाल द्वारा रखी गई। इस पर आयुक्त ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सेक्टर-11 में शौचालय का निर्माण पूरा कर लिया गया है और अन्य मांगों पर भी जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।

इसी के साथ निगमायुक्त ने घोषणा की कि सेक्टर-8 और सेक्टर-10 की मार्केट में दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान कल से चलाया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों को आज शाम तक स्वयं अवैध निर्माण हटाने की चेतावनी दी।

नगर निगम फरीदाबाद ने साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था और ग्रीन बेल्ट की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि शहर की सुंदरता और मूलभूत सुविधाओं में सुधार के लिए निरंतर कार्य जारी रहेगा।