Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लगातार ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में 23 नवंबर को अपराध शाखा AVTS सिकरोना की टीम ने सेक्टर 58 क्षेत्र से एक व्यक्ति को देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी का नाम मोहम्मद दानिश है, जो शास्त्री पार्क, दिल्ली का रहने वाला है।
पूछताछ में दानिश ने बताया कि उसने करीब दो महीने पहले फरीदाबाद के एक व्यक्ति को एक देसी पिस्टल भी बेची थी। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पिछले 20 दिनों में ऑपरेशन ट्रैकडाउन के दौरान 17 देसी कट्टे, 38 जिंदा कारतूस और 3 देसी पिस्टल बरामद की गई हैं। अवैध हथियार रखने और बेचने के मामलों में 28 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक इस ऑपरेशन में कुल 95 अपराधियों को जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि इस अभियान से अपराधियों में इतना डर पैदा हो गया है कि वे हथियार छुपाकर भागने की कोशिश कर रहे हैं। थाना तिगांव क्षेत्र में मझांवली रोड पर एक पॉलिथीन में 22 जिंदा कारतूस लावारिस हालत में सड़क किनारे पड़े मिले। पुलिस ने कारतूस जब्त कर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

