Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के अलग-अलग क्षेत्रों के कई गणमान्य नागरिकों ने आज पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता से मुलाकात की और हाल ही में फरीदाबाद पुलिस और जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा किए गए सफल संयुक्त ऑपरेशन के लिए धन्यवाद दिया। इस ऑपरेशन में आतंकवादी मॉड्यूल का खुलासा किया गया था, जिससे एक बड़ी आतंकी घटना टल गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, फतेहपुर तगा, धौज, कुरेशीपुर, लक्कड़पुर और डबुआ कॉलोनी के प्रतिनिधियों के साथ-साथ चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के पदाधिकारी भी इस मुलाकात में शामिल हुए। नागरिकों ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस की यह कार्रवाई पूरे शहर और देश की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।
इस दौरान पूर्व सरपंच सत्यप्रकाश त्यागी, महेंद्र त्यागी, ब्रह्म प्रकाश, रोहित, डॉ. राजवीर, जसवंत वकील, बलराम, तैयब हुसैन, दक्षिण शर्मा, दिलीप तिवारी, राजीव, किशनचंद, संजय, पवन, अर्जुन सिंह, आलोक कुमार, रमन, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के अध्यक्ष संतोष और कई अन्य 35-40 नागरिक मौजूद थे।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस हमेशा लोगों की सुरक्षा के लिए समर्पित है। उन्होंने बताया कि यह सफलता दोनों राज्यों की संयुक्त टीम की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने नागरिकों के समर्थन और भरोसे के लिए धन्यवाद भी दिया।
नागरिकों ने उम्मीद जताई कि फरीदाबाद पुलिस आगे भी इसी तरह अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती रहेगी और शहर में शांति बनाए रखेगी।

