March 8, 2026

संस्था ने लगाया निशुल्क स्वास्थ्य शिविर कैंप, 124 लोगों ने उठाया लाभ

Faridabad/Alive News: ह्यूमन लीगल ऐड एंड क्राइम कंट्रोल संस्था द्वारा बीके इंटरनेशनल स्कूल, धीरज नगर में बत्रा हॉस्पिटल के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 124 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। कैंप में मौजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने लोगों की विभिन्न स्वास्थ्य जांचें कीं।

कार्यक्रम में फरीदाबाद बत्रा हार्ट अस्पताल के प्रबंधक डॉ. पंकज बत्रा, हॉस्पिटल के मीडिया समन्वयक बिजेंद्र गौड़, तथा बीके इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक पवन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना की और इसे समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान बताया।

संस्था के संस्थापक अनुराग शर्मा एवं महासचिव राधिका बहल ने बताया कि यह कैंप पूर्णत: निशुल्क आयोजित किया गया, जिसमें बत्रा हॉस्पिटल के 8 से 10 डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने बताया कि संस्था पूर्व में भी 60 से 100 स्वास्थ्य एवं सामाजिक कैंप आयोजित कर चुकी है, जिनका मुख्य उद्देश्य गरीब, जरूरतमंद और अनाथ बच्चों की सहायता करना रहा है। इस शिविर में महिलाओं के लिए विशेष महिला डॉक्टरों की टीम भी मौजूद रही, जिन्होंने महिला स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की।

बीके इंटरनेशनल स्कूल की संस्थापक पूनम शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कैंप समाज के गरीब एवं बुजुर्ग वर्ग के लिए अत्यंत लाभदायक रहा, क्योंकि कई बार आर्थिक तंगी के कारण वे इलाज नहीं करा पाते। उन्होंने समाज से अपील की कि अधिक से अधिक लोग ऐसे कार्यों में सहयोग करें।

बीके कान्वेंट स्कूल की प्रिंसिपल मोनिका शर्मा ने भी इस आयोजन की प्रशंसा की और कहा कि यह पहला अवसर है जब संस्था ने स्कूल परिसर में ऐसा कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में संस्था के कोषाध्यक्ष गुलशन कुमार, स्कूल स्टाफ दीपिका, सुमन, सुमित्रा, वंदना और सुहानी सहित कई सदस्य मौजूद रहे। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे कैंप जारी रखने का संकल्प लिया।