March 7, 2026

एचबीएसई ने 1990 से 2024 तक पास छात्रों को मिला अंक सुधार का खास मौका

Chandigarh/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) ने छात्रों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने मार्च 1990 से मार्च 2024 के बीच सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक और मुक्त विद्यालय) परीक्षा पास करने वाले सभी परीक्षार्थियों को अंक सुधार का विशेष अवसर दिया है।

बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि इच्छुक छात्र एक या दो विषयों में अपने अंक सुधारने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन 31 अक्टूबर से 15 नवंबर तक ऑनलाइन किए जा सकते हैं। आवेदन करने के लिए परीक्षार्थी को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक पर जाकर 10 हजार का शुल्क जमा करना होगा। साथ ही, पहले जारी किए गए उत्तीर्ण प्रमाण-पत्र (पास सर्टिफिकेट) की राजपत्रित अधिकारी या किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्राचार्य से सत्यापित प्रति भी अपलोड करनी होगी।

यह अवसर उन सभी छात्रों के लिए उपयोगी है जो अपने विषयों में बेहतर अंक प्राप्त कर भविष्य में अपनी योग्यता को मजबूत बनाना चाहते हैं।