March 10, 2026

गांजा बेचने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, 1.6 किलो गांजा और कार बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध नशा बेचने और सप्लाई करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.600 किलोग्राम गांजा और एक कार बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (अपराध) मुकेश कुमार के निर्देशन में क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने की।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 23 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एनएचपीसी चौक, सेक्टर-37 सी के पास से शाहबाज खान (34), निवासी दयाल नगर, फरीदाबाद, और हिमांशु (31), निवासी गांव कुंजपुरा, करनाल (वर्तमान में सेक्टर-88, फरीदाबाद) को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से 1.600 किलोग्राम गांजा और एक कार बरामद की गई।

इसके अलावा गांजा उपलब्ध कराने के आरोप में राहुल (24), निवासी एनआईटी-5, फरीदाबाद को बड़खल झील के पास से पकड़ा गया। तीनों के खिलाफ थाना सराय ख्वाजा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में पता चला कि शाहबाज और हिमांशु ने राहुल से 14,000 रुपये में 2 किलोग्राम गांजा खरीदा था, जिसमें से कुछ हिस्सा वे पहले ही बेच चुके थे। दोनों आरोपी टैक्सी चलाने का काम करते हैं और मौके से बरामद टैक्सी हिमांशु की थी।

पुलिस ने शाहबाज और हिमांशु को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि राहुल को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।