June 12, 2026

अवैध पटाखे बेचने वाला युवक गिरफ्तार, 64 किलो पटाखे बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने दिवाली से पहले अवैध रूप से पटाखे बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की दुकान से करीब 64 किलो पटाखे बरामद किए हैं। यह कार्रवाई थाना ओल्ड फरीदाबाद की टीम ने की।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद कुछ लोग अवैध रूप से पटाखे बेचने का काम कर रहे हैं, जिन पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

13 अक्टूबर को थाना ओल्ड फरीदाबाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बसेलवा कॉलोनी में एक व्यक्ति दुकान पर अवैध पटाखे बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारकर आरोपी शिवम शर्मा, निवासी सेक्टर-18 ओल्ड फरीदाबाद, को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि शिवम शर्मा ने दिवाली पर बेचने के लिए अपनी दुकान में बड़ी मात्रा में पटाखे जमा कर रखे थे। पुलिस ने सभी पटाखे जब्त कर लिए हैं और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।