March 10, 2026

मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने के एक मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी की टीम ने की।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एनआईटी फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसका भाई 27 सितंबर की रात कंपनी से घर लौट रहा था। जब वह चाचा चौक के पास पहुंचा तो मोटरसाइकिल सवार तीन लड़कों और उनके साथियों ने उसे रोककर मारपीट की, जातिसूचक शब्द कहे और पुराने केस वापस लेने की धमकी देकर वहां से भाग गए। शिकायत के आधार पर थाना सारन में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने विजय (25), अजय (27) और महेश (55), निवासी संजय एन्क्लेव, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि शिकायतकर्ता और आरोपी एक-दूसरे के पड़ोसी हैं।

शिकायतकर्ता और उसकी मां ने पहले भी इन तीनों के खिलाफ मारपीट और धमकी के मामले दर्ज कराए थे। उन्हीं केसों को वापस लेने के लिए आरोपियों ने यह हमला किया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही यह भी सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ पहले दर्ज मामलों में उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था और वे हाल ही में जमानत पर बाहर आए थे।