March 10, 2026

आमजन की समस्याओं का समाधान करने के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध: कृष्ण पाल गुर्जर

Faridabad/Alive News: बड़खल विधानसभा की जनता को बड़ी सौगात देते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने अंखीर चौक तथा एनआईटी स्थित 1-2 चौक पर आयोजित कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का सोमवार को बड़े-बुजुर्गों के हाथों नारियल फुडवाकर विधिवत शिलान्यास किया। शिलान्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता बड़खल विधानसभा के विधायक धनेश अदलखा ने की।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों में जलापूर्ति को सुचारू बनाने के लिए ट्यूबवेल की स्थापना, पार्कों का विकास और सौंदर्यीकरण, ओपन जिम की स्थापना, वर्षा जल संचयन प्रणाली का निर्माण, विभिन्न सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य तथा सीवर डिसिल्टिंग जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इन कार्यों के पूरे होने से क्षेत्र में पानी, स्वच्छता और यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में फरीदाबाद में सड़कों और हाईवे कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। बड़खल और बाटा को जाम मुक्त करने के लिए 1500 करोड़ की लागत से स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा। जहां कभी हर चौराहे पर जाम की समस्या आम बात हुआ करती थी, वहीं आज बदरपुर बॉर्डर से लेकर कर्मन बॉर्डर तक निर्बाध और सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध है। दिल्ली–वडोदरा–मुंबई कॉरिडोर से जुड़ाव और जेवर एयरपोर्ट व केएमपी एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी ने क्षेत्रीय विकास को नई दिशा और गति प्रदान की है। रेलवे स्टेशन और बुनियादी ढांचे के उन्नयन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से फरीदाबाद का ओल्ड रेलवे स्टेशन आधुनिक एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।

केंद्रीय राज्यमंत्रीने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कॉलेज स्थापित किए गए हैं। पासपोर्ट सेवाओं के लिए दिल्ली जाने की आवश्यकता नहीं रही बल्कि हमारी सरकार द्वारा पासपोर्ट कार्यालय की स्थापना फरीदाबाद में ही करा दी गयी। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहल करते हुए नहर पार क्षेत्र में एक नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही ग्रेटर फरीदाबाद में विज्ञान भवन से भी उन्नत कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि बिजली विभाग का पदभार संभालते हुए उन्होंने फरीदाबाद के लिए 2800 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाई गई थी। इसके अंतर्गत आने वाले दो वर्षों में पूरे शहर की बिजली लाइनों को भूमिगत किया जाएगा, जिससे आंधी-तूफान व बरसात के समय बिजली बाधित नहीं होगी और सड़कों से खंभे भी हटा दिए जाएंगे।

देश के समग्र उत्थान पर विचार रखते हुए गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है और शीघ्र ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल आर्थिक दृष्टि से, बल्कि सांस्कृतिक स्तर पर भी सशक्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के समग्र विकास के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में फरीदाबाद हर दृष्टि से एक आदर्श और विकसित शहर के रूप में स्थापित होगा।

बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि बड़खल विधानसभा क्षेत्र की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर अटूट विश्वास जताते हुए उन्हें विधायक चुनकर अपना आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि जनता के इस विश्वास को वे कभी टूटने नहीं दूंगा और क्षेत्र की सेवा में पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करूंगा। उन्होंने कहा कि बड़खल क्षेत्र के नागरिकों को स्वच्छ पेयजल, सुंदर व आधुनिक पार्क, चौड़ी एवं सुगम सड़कों के साथ-साथ सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधायक ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों को गति देने के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है ताकि जनता को सुविधाओं का सीधा लाभ मिल सके।

अंखिर चौक पर आयोजित कार्यक्रम के समापन के उपरान्त, केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर तथा बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने गुरुद्वारा साहिब में पहुंचकर माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं से अभिवादन किया और क्षेत्र में समरसता व सांस्कृतिक एकता बनाए रखने के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।

इस अवसर पर पार्षद वीरेंद्र भड़ाना, पार्षद लिक्खी चपराना, पार्षद गजेन्द्र लाला, पार्षद सुमन बाला, पार्षद जसवंत सिंह, पार्षद हरिकिशन गिरोटी, सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।