Faridabad/Alive News: साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि दुनिया में कहीं भी कोई हिन्दू पीड़ित है तो उसकी मातृभूमि भारत उसका आश्रय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी पूरी व्यवस्था बनाई है। वह सेक्टर 15 स्थित सामुदायिक भवन में रामकथा कर रही थीं।
साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि जब एक पुरुष दूसरे पुरुष को अपमानित करना चाहता है तो वह दूसरे पक्ष की स्त्रियों पर वार करता है, स्त्रियों के सम्मान पर चोट करता है लेकिन भारतीय संस्कृति में स्त्री को देवी माना जाता है। उन्होंने कहा कि यहां जब द्रौपदी का चीर हरण हुआ तो भगवान कृष्ण स्वयं उनकी रक्षा करने आ गए। श्रीकृष्ण ने स्त्री सम्मान के लिए महाभारत रच दिया।
उन्होंने लोगों से कहा कि आपसी झगड़े में मां बहन को गालियां न दिया करें। उन्होंने भारत की मौजूदा सरकार की प्रशंसा की और राममंदिर आंदोलन के समय के अपने दुरूह अनुभव भी साझा किए। भगवान राम के अस्तित्व पर प्रश्न उठाने वालों को कभी सत्ता में नहीं आने देना है।
इस अवसर पर स्वामी मुनिराज महाराज, पूर्व मंत्री रामविलास शर्मा, पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा, भाजपा नेता टिप्पर चंद शर्मा, प्रेम पसरीचा, कैलाश शर्मा, उद्यमी एच के बत्रा, उद्यमी बीआर भाटिया, सुरेश चंद गर्ग, जयपुर से उद्योगपति आई सी अग्रवाल, पंकज गर्ग आरएमसी, डी के माहेश्वरी, बी आर सिंगला, ट्रांसपोर्टर राकेश अग्रवाल, विहिप से कैलाश सिंघल, अरुण वालिया आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

