March 10, 2026

बल्लभगढ़ सेक्टर-25 चुंगी से सेक्टर-56 तक बनेगी स्मार्ट रोड – निगम आयुक्त

Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त ने वीरवार को वार्ड-1 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ वार्ड पार्षद मुकेश डागर और निगम अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने गलियों की सफाई व्यवस्था और कूड़ा उठाने के प्वाइंट देखे। निरीक्षण के दौरान सफाई विंग ने गंदगी फैलाने और अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के करीब 30 हजार रुपये के चालान काटे।

निगम आयुक्त ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर शहर में स्वच्छता और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए लगातार काम हो रहा है। इसी के तहत वार्ड-1 में बल्लभगढ़ सेक्टर-25 चुंगी से सेक्टर-56 तक आधुनिक स्मार्ट रोड बनाई जाएगी।

यह सड़क स्थानीय लोगों और आसपास से गुजरने वाले हजारों वाहनों के लिए सुगम और सुरक्षित मार्ग प्रदान करेगी। स्मार्ट रोड में चौड़ीकरण, मजबूत निर्माण, सुंदर डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट और सोलर लाइट, पैदल पथ, वर्षा जल निकासी और स्पष्ट रोड मार्किंग की सुविधा होगी। साथ ही, सड़क किनारे वृक्षारोपण और हरियाली को बढ़ावा दिया जाएगा।

पानी निकासी की समस्या का समाधान
पार्षद मुकेश डागर ने बताया कि सेक्टर-56 मोड़ पर बरसाती पानी भरने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसे खत्म करने के लिए नई सीवर लाइन डाली जाएगी। निगम आयुक्त ने अधिकारियों को इसके लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम का लक्ष्य है कि इस परियोजना को समय पर पूरा कर नागरिकों को जल्द ही सुरक्षित, सुंदर और आधुनिक स्मार्ट रोड का लाभ मिल सके।