Faridabad/Alive News: हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फरीदाबाद टीम ने केएमपी एक्सप्रेसवे पर दो नशा तस्करों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। सूत्रों से टीम को नशा तस्करी की सूचना मिली थी कि दो नशा तस्कर एक स्पेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर केएमपी एक्सप्रेसवे से जा रहे है। टीम ने जिला नूंह के तावडू थाना क्षेत्र में गांव किरुरी के पास नाका लगाकर दो आरोपियों की तलाशी ली और पुलिस को आरोपियों से 49.09 ग्राम हेरोइन बरामद की।
टीम ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें गुप्त सूत्रों से पता चला कि दो युवक मोटरसाइकिल पर अवैध नशीला पदार्थ लेकर आ रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने तत्काल योजना बनाकर रेड डाली और दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हबीब पुत्र जुम्मा और वारिस पुत्र वहिद, दोनों निवासी गांव खरखड़ी, जिला नूह के रूप में हुई है। उनके पास से कुल 49.09 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। यह मात्रा एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत ‘मध्यम मात्रा’ की श्रेणी में आती है, जिसके तहत कड़ी कानूनी सजा का प्रावधान है।
दोनों तस्करों से पूछताछ जारी है और उनसे प्राप्त जानकारियों के आधार पर नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
एनसीबी की ओर से आमजन से अपील की गई है कि यदि उन्हें अपने क्षेत्र में कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री, उपयोग या तस्करी की जानकारी मिलती है तो बिना किसी झिझक के निम्न माध्यमों राष्ट्रीय टोल-फ्री नंबर: 1933, हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन: 90508-91508 और ऑनलाइन शिकायत पोर्टल: www.ncbmanas.gov.in पर सूचना दें। ब्यूरो ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

