Faridabad/Alive News : सेक्टर-21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में जीवा रोबो फेस्ट 2.0 का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में दिल्ली एनसीआर के 13 स्कूल के छात्रों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता दो कैटेगरी में आयोजित की गई। सीनियर कैटेगरी की प्रतियोगिता का नाम ‘फास्टेस्ट लाइन फोलोइंग’ था वहीं जूनियर कैटेगरी की प्रतियोगिता का नाम ‘रिमोर्ट कंट्रोल रोबो रेस’ था।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के अध्यक्ष एवं इनोवेटर ऑफ जीवा लर्निंग सिस्टम से ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्षा चंद्रलता चौहान, एकेडमिक एंड एक्सिलेंस हेड मुक्ता सचदेव, उपप्रधानाचार्या रितु कंवर, प्रमुख संयोजिका लीपिका कौशिक व सभी गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहें।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों को नई तकनीक से अवगत कराना और उनमें छिपी प्रतिभा को निखारना था। यह प्रतियोगिता मुख्य रूप से स्टेम अर्थात साईंस, टैक्नोलॉजी, इंजिनियरिंग और मैथ्स के संयोजन पर आधारित थी।
प्रतियोगिता के प्रारंभ में विद्यालय के एटीएल इंचार्ज मनीष कुमार ने प्रतियोगिता के सभी नियमों से छात्रों को अवगत कराया। गेम मास्टर सीनियर कैटेगरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर विजेता जीवा पब्लिक स्कूल, दूसरे स्थान पर विजेता टैगोर एकेडमी सेक्टर 3 फरीदाबाद, तीसरे स्थान पर विजेता श्रीराम मॉडल स्कूल रहा।
गेम मास्टर जूनियर कैटेगरी में प्रथम स्थान पर जीवा पब्लिक स्कूल, द्वितीय स्थान पर सी. डी इंटरनेशनल स्कूल गुरुग्राम, तृतीय स्थान पर आर. के. जी ग्लोबल स्कूल गाज़ियाबाद रहा। बेस्ट डिजाइन अवार्ड सीनियर कैटेगरी में एसआरएस इंटरनेशनल स्कूल फरीदाबाद, बेस्ट डिजाइन अवार्ड जूनियर कैटेगरी में आर.के. जी ग्लोबल स्कूल गाज़ियाबाद विजेता रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष और इनोवेटर ऑफ जीवा लर्निंग सिस्टम ऋषिपाल चौहान ने उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान युग में तकनीकी शिक्षा का अत्यधिक महत्व है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से न केवल विद्यार्थियों को अपने विचार साझा करने का अवसर मिलता है, बल्कि वे सहयोगात्मक कार्यशैली को भी अपनाते हैं। जब छात्र मिल-जुलकर कार्य करते हैं, तो वे एक-दूसरे से सीखते हैं, विभिन्न दृष्टिकोणों को समझते हैं और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करते हैं, जो उनके समग्र विकास में सहायक सिद्ध होता है।

