Faridabad/Alive News: हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद फरीदाबाद की ओर से एनएच-5 स्थित राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रंगोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के 40 से अधिक सरकारी स्कूलों के शिक्षकों ने हिस्सा लिया और अपनी छुपी प्रतिभाओं को मंच पर प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में उप जिला शिक्षा अधिकारी मनोज मित्तल ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में कोई न कोई प्रतिभा होती है, लेकिन उसे दिखाने के लिए एक सही मंच की ज़रूरत होती है। सरकार ने रंगोत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से शिक्षकों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया है।
मनोज मित्तल ने कहा, “प्रतिभा कभी हारती या जीतती नहीं है, वह हमेशा जीवित रहती है और हमें उसे ज़िंदा रखने के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।”
कार्यक्रम में लोकनृत्य, सांग, क्लासिकल डांस और ड्राइंग प्रतियोगिता जैसी गतिविधियाँ हुईं। शुरुआत में विभिन्न स्कूलों की शिक्षिकाओं ने लोकगीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
स्कूल की प्रिंसिपल और नोडल अधिकारी ज्योति मंगला ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों को प्रोत्साहन देने के लिए बहुत जरूरी हैं।
कार्यक्रम की संयोजक सरोज बाला ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं और दूसरों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का हौसला मिलता है।
मंच संचालन नरेंद्र शास्त्री ने किया और निर्णायक मंडल में विनोद कुमार, बृजमोहन, डॉ. बलराम आर्य और डॉ. रामनिवास शामिल रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सीआरसी धीरज, मनोज कुमार, जितेंद्र, सुनील कांत, अमित और सस्वती का विशेष योगदान रहा।

