March 8, 2026

साफ-सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर वार्ड में अधिकारियों की होगी निगरानी : निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर आज निगम कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में साफ कहा गया कि सफाई में कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी कार्यकारी अभियंता, जॉइंट कमिश्नर और एडिशनल कमिश्नर अपने-अपने क्षेत्र में वार्डों और कूड़ा संग्रहण स्थलों (सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट) की नियमित निगरानी करें। उन्होंने कहा कि हर वार्ड में सबसे गंदे स्थान की पहचान कर तुरंत सफाई करवाई जाए।

समीक्षा बैठक में यह भी तय हुआ कि हर महीने सबसे अच्छा काम करने वाले सफाई कर्मचारी और उसके सुपरवाइजर को सम्मानित किया जाएगा। निगमायुक्त ने कहा कि सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट और खत्तों को पक्के प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट किया जाएगा ताकि कूड़ा उठाने में सुविधा हो और आम लोगों को परेशानी न हो।

सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए गए कि वे हर दिन अपने-अपने वार्ड में कूड़े के उठान को सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि नालों में कचरा, गोबर या पॉलीथिन न डालें क्योंकि इससे बरसात में पानी का बहाव रुकता है और जलभराव की समस्या होती है।

नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के अधिकतर नालों की सफाई का काम जारी है और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निगम का सेनिटेशन विभाग पूरी तरह से सक्रिय है।

बैठक में एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल, डॉ. विजयपाल यादव, जॉइंट कमिश्नर करण सिंह भदौरिया, राजेश कुमार, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल, कार्यकारी अभियंता नरेंद्र सुहाग और अन्य सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।