March 7, 2026

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 4.20 लाख की ठगी, वेबसाइट बनाने वाले दो युवक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-75 निवासी एक व्यक्ति से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 4 लाख 20 हजार रुपये की ठगी की गई। इस मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि सात अक्टूबर 2024 को उसे एक कॉल आया जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को शेयर ब्रोकर बताया। उसने पहले एंजिल वन एप पर पैसे लगाने को कहा, जिससे उसे नुकसान हुआ। फिर उस ठग ने ganeshamsecurity.com नाम की वेबसाइट पर निवेश करने को कहा, जहाँ ₹1 लाख निवेश करने पर 10 गुना फायदा देने का झांसा दिया गया।

इसके बाद बिना पूछे शिकायतकर्ता की ईडी से ₹3.5 लाख और निवेश कर दिए गए। जब शिकायतकर्ता ने पैसे वापस माँगे तो कंपनी की तरफ से धमकी दी गई कि रिकवरी एजेंट घर भेजे जाएंगे और 10 गुना पैसे लौटाने होंगे। डर के कारण शिकायतकर्ता ने ₹3.20 लाख और भेज दिए, लेकिन फिर भी नुकसान दिखाया गया और ठगों ने कॉल उठाना बंद कर दिया।

शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान आशीष  (उम्र 26) और पंकज (उम्र 25), दोनों मुरैना (मध्य प्रदेश) के रहने वाले हैं। दोनों आरोपियों ने बीटेक किया हुआ है और खुद ही वह फर्जी वेबसाइट बनाई थी जिससे ठगी की गई।

पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को 5 दिन के रिमांड पर लिया है।