June 6, 2026

हरियाणा में 92% गेहूं उठान पूरा, जल्द खुलेंगे चार हजार नए राशन डिपो : राजेश नागर

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश की अनाज मंडियों में 92 प्रतिशत गेहूं का उठान पूरा हो चुका है। बाकी गेहूं का उठान भी तेजी से किया जा रहा है ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।

मंत्री ने एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के मुद्दे पर कहा कि हरियाणा में ऐसी कोई बड़ी समस्या नहीं है। जहां भी गड़बड़ी की शिकायत मिली, वहां सख्त कार्रवाई की गई और कई मामले दर्ज किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में जल्द ही 4000 नए राशन डिपो आवंटित किए जाएंगे। इनमें 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए रखा जाएगा, जिससे महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

राजेश नागर ने कहा कि भ्रष्टाचार या लापरवाही की शिकायत मिलने पर अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और आगे भी सख्ती जारी रहेगी।

बरसात के दौरान मंडियों में गेहूं भीगने की समस्या पर मंत्री ने कहा कि इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है ताकि किसानों की फसल सुरक्षित रहे।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में नए साइलो और वेयरहाउस बनाए जाएंगे, जिससे अनाज भंडारण की क्षमता बढ़ेगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक हो चुकी है और केंद्र सरकार से भी चर्चा की गई है।

अंतरराष्ट्रीय हालातों का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि अमेरिका-ईरान तनाव जैसे हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री ने लोगों से अनावश्यक सोना खरीदने से बचने और ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की अपील की है।