Faridabad/Alive News: हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार के दिशा-निर्देशन और फरीदाबाद के उप पुलिस महानिरीक्षक एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र कुमार मीना के मार्गदर्शन में जागरूकता अभियान चलाया गया।
ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने फरीदाबाद से पलवल तक साइकिल यात्रा की और वापस लौटे। इस दौरान उन्होंने करीब 52 किलोमीटर की दूरी तय की।
यात्रा के दौरान डॉ. अशोक ने राहगीरों और वाहन चालकों से बातचीत कर उन्हें नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया। उन्होंने गलत दिशा में वाहन चला रहे लोगों को रोककर सड़क सुरक्षा के नियम समझाए और अपनी बाईं ओर चलने की अपील की।
साइकिल से व्यायाम के साथ जागरूकता का संदेश
लोगों ने डॉ. अशोक को साइकिल चलाते देखकर उनसे इसका कारण पूछा। उन्होंने बताया कि साइकिल उनके लिए व्यायाम, स्वास्थ्य, ड्यूटी, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का माध्यम है। साइकिल चलाने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलती है।
पूरी नींद लें, गुस्से पर काबू रखें और नशे से दूर रहें
डॉ. अशोक ने लोगों को स्वस्थ जीवन के तीन मूलमंत्र बताए—पूरी नींद लेना, क्रोध पर नियंत्रण रखना और नशे से दूर रहना। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा पढ़ाई, खेल, व्यायाम और दूसरी सकारात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा, “बड़ा वो नहीं, जो नशा बेचता है, बड़ा वो है जो नशा रोकता है; बड़ा वो नहीं, जो नशा खाता है, बड़ा वो है जो नशे से बचाता है।”
उन्होंने लोगों से नशे की बिक्री या तस्करी की जानकारी MANAS हेल्पलाइन 1933 पर देने और नशामुक्ति के लिए उपलब्ध सहायता लेने की अपील की।
ब्यूरो के इस अभियान का उद्देश्य लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना और स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त हरियाणा के लिए जनभागीदारी बढ़ाना रहा।

