Faridabad/Alive News: थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में घर से मोबाइल फोन, नकदी और चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस (20) और सैफी (24), निवासी बिल्ला कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सिकरोना कॉलोनी निवासी संजय ने पुलिस चौकी में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि 20 सितंबर की रात वह ड्यूटी से घर लौटकर परिवार के साथ सो गया था। सुबह उठने पर देखा कि अलमारी से नकदी और चांदी के आभूषण गायब थे। घर से तीन मोबाइल फोन भी चोरी हो गए थे।
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। पुलिस के मुताबिक, 20 और 21 सितंबर की रात दोनों घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और तीन मोबाइल फोन, नकदी और चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

