May 4, 2024

आज से पीजीआई के 450 डॉक्टर हड़ताल पर, मरीजों को हुई परेशानी, अन्य डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द

Chandigarh/Alive News: पीजीआईएमएस रोहतक में आज से करीब 450 रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं। ये डॉक्टर ओपीडी में मरीजों की जांच नहीं करेंगे और वार्ड में भी सेवाएं नहीं देंगे। इसके अलावा सभी तरह की इलेक्टिव सर्विस भी नहीं देंगे। सिर्फ इमरजेंसी, ट्रामा सेंटर और आईसीयू में रेजिडेंट डॉक्टर ड्यूटी देंगे।

मिली जानकारी के अनुसार पीजी के पहले बैच के छात्रों का दाखिला नहीं होने के विरोध में डॉक्टरों ने हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। जिससे मरीजों की परेशानी बढ़ती हुई नजर आ रही है। इस संबंध में एक पत्र डायरेक्टर को भी दिया गया है। एडमिशन में इकॉनोमिक वीकर सेक्शन (ईडब्ल्यूएस) और ओबीसी कोटा निर्धारित किया जा रहा है।

यह मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। इस कारण पीजी के पहले बैच की काउंसिलिंग नहीं हो पा रही। अब ऑल इंडिया लेवल पर रेजिडेंट डॉक्टर्स ने हड़ताल शुरू कर दी है। फोरडा के आह्वान पर देश के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में हड़ताल की गई है। उनका कहना है कि सिर्फ दो-तिहाई रेजिडेंट डॉक्टर ही काम कर रहे हैं।

पीजीआई रोहतक में रेजिडेंट डॉक्टर ही मरीजों का बड़ा सहारा हैं। ओपीडी और अन्य जगहों पर मरीजों के इलाज का जिम्मा इन्हीं के जिम्मे होता है। संस्थान में हर रोज 6-7 हजार मरीज ओपीडी में आते हैं। अब यहां काम प्रभावित होगा। इसके अलावा वार्डों में भी मरीज भर्ती हैं, डॉक्टर हड़ताल पर रहने से मुसीबत खड़ी हो गई है।

इधर, पीजीआई प्रशासन ने सभी सीनियर डॉक्टर को ड्यूटी पर रहने के लिए कहा है। उन्होंने अब ओपीडी और वार्ड के मरीजों की जिम्मेदारी सीनियर डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के कंधों पर सौंप दी है। यह मामला कोर्ट में जाने के कारण काउंसिलिंग रुकी हुई है। करीब 7 माह पहले दाखिले हो जाने चाहिए थे। लेकिन दिसंबर शुरु हो चुका है और अभी तक पहले बैच ने जॉइन नहीं किया है।

पीजीआई रोहतक में रेजिडेंट डॉक्टर्स के दो बैच ही है। इनमें करीब 450 डॉक्टर है। पहले बैच डॉक्टर नहीं आने से ये ही इनका काम संभाल रहे हैं। एडमिशन हुए तो एक विभाग में 18 से 20 डॉक्टर ज्यादा होंगे। अब काम का अधिक दबाब है। वहीं, पीजीआई डायरेक्टर ने एक पत्र जारी करके सभी विभागाध्यक्षों को कहा है कि सभी एचओडी हर रोज दोपहर बाद 3 बजे सभी रेजिडेंट डॉक्टर्स की हाजिरी की जानकारी देंगे।

डॉक्टरों की छूटी रद्द
हड़ताल से पीजीआई प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिसके चलते छुट्‌टी पर गए सभी 150 फैकल्टी डॉक्टर्स को पांच दिन बाद ही वापस बुला लिया गया है। सभी को पत्र को भेजकर 6 दिसंबर तक ड्यूटी संभालने के बारे में निर्देश दिए गए हैं।

गौरतबल है कि 1 दिसंबर से डॉक्टर्स को सर्दियों की छुटि्टयां दी गईं थीं। डॉक्टर्स दो बैच में छुट्‌टी पर जाने थे। पहला बैच 1 से 24 दिसंबर तक और दूसरा बैच 28 दिसंबर से 20 जनवरी तक छुट्‌टी पर जाना था। बता दें कि 2020 में कोविड के कारण डॉक्टर्स की छुट्‌टी रद्द कर दी गई थी।