Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद की ओर से सोमवार को निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने की। इस दौरान नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं।
शिविर में अतिरिक्त आयुक्त गौरव अंतिल, निगम सचिव अनिल यादव सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। मेयर ने सभी शिकायतों पर अधिकारियों से चर्चा कर जल्द समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में डबुआ कॉलोनी की ईडब्ल्यूएस स्कीम के फ्लैटों पर बिना वैध दस्तावेजों के कब्जे की शिकायत सामने आई। इस पर संबंधित अधिकारियों को सर्वे कर दस्तावेज जांचने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा प्रॉपर्टी आईडी की समस्याएं, गांव चंदावली के वाल्मीकि मोहल्ले में अवैध कब्जा, सेक्टर-15 मार्केट में स्ट्रीट वेंडरों द्वारा अतिक्रमण, वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की मरम्मत और राजीव कॉलोनी में टैक्स व प्रॉपर्टी आईडी सुधार की शिकायतें भी रखी गईं।
वार्ड-6 में सीवर ढक्कनों की मरम्मत और गली निर्माण तथा एसजीएम नगर, सेक्टर-48 में सड़क निर्माण से जुड़ी शिकायतें भी अधिकारियों के सामने आईं। मेयर ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए तय समय में समाधान करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनकर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर पार्षद मनोज नासवा, कुलदीप साहनी, प्रदीप टोंगर, जसवंत सैनी और करण सिंगला भी मौजूद रहे।

