June 6, 2026

सीएनजी पंप कर्मचारियों से मारपीट मामले में तीन आरोपी पुलिस कार्रवाई में शामिल, बाइक बरामद

Faridabad/Alive News: गांव मौजपुर स्थित एक सीएनजी पंप पर कर्मचारियों के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में थाना छायंसा पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने राहुल, टिंकू और हिमांशु निवासी गांव छायंसा को जांच में शामिल किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव गढ़खेड़ा निवासी श्याम सुंदर ने शिकायत दी थी कि 21 मई की रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच एक ऑटो चालक सीएनजी भरवाने के लिए पंप पर आया था। गैस भरवाने के बाद उसने पैसे देने से मना कर दिया और कर्मचारी देवराज के साथ बहस करने लगा।

विवाद बढ़ने पर ऑटो चालक ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि बाइक चालक ने जानबूझकर शिकायतकर्ता को टक्कर मार दी, जिससे उसकी जांघ की हड्डी टूट गई। इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता और अन्य कर्मचारियों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की।

मौके पर भीड़ जमा होने पर सभी आरोपी फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना छायंसा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ चालान तैयार कर अदालत में पेश किया जाएगा।