March 19, 2024

मांगे पूरी ना होने पर हरियाणा के 40 हजार निकाय कर्मियों ने किया चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान

Chandigarh/Alive News : लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हरियाणा के 40 हजार निकाय कर्मियों ने अपनी मांगें पूरी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान कर दिया है। प्रथम चरण 11 नवंबर को फरीदाबाद मंडल से शुरू होगा। 9 जनवरी 2022 को करनाल में राज्यस्तरीय रैली में नगरपालिका कर्मचारी संघ हड़ताल की घोषणा करेगा। संघ के अनुसार 11 नवंबर को फरीदाबाद मंडल के फरीदाबाद, पलवल, नूंह डीसी कार्यालय, 16 नवंबर को गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, 18 नवंबर को अंबाला, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, यमुनानगर में प्रदर्शन होगा। 23 नवंबर को हिसार, फतेहाबाद, जींद, सिरसा, 25 नवंबर को रोहतक, झज्जर, दादरी, भिवानी, सोनीपत व 26 नवंबर को करनाल, पानीपत, कैथल डीसी कार्यालयों पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे।

11 नवंबर को इकाइयों के चुनाव करवाने के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार, नगरपालिका कर्मचारी संघ के साथ 25 अप्रैल व 17 अगस्त 2020 को दो दौर की वार्ता में मानी गई दर्जनों मांगों को लागू नहीं कर रही। अब बातचीत का रास्ता भी बंद कर दिया गया है। उनकी मुख्य मांग हैं कि सभी छंटनी वाले कर्मचारियों को ड्यूटी पर वापस लें, बंद किए गए फायर स्टेशन पुन: बहाल किए जाएं। अनुबंध आधार के कर्मचारियों को समान काम-समान वेतन दें व बेगार प्रथा को समाप्त करे।