June 6, 2026

एक हफ्ते में 33 साइबर ठग गिरफ्तार, 32.66 लाख रुपये बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह में 33 ठगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 25 अप्रैल से 1 मई के बीच की गई।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर साइबर थानों की टीम लगातार काम कर रही है। पुलिस के अनुसार, 7 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को पकड़ा गया। इनमें साइबर थाना एनआईटी और सेंट्रल के मामले शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने करीब 32,66,118 रुपये बरामद किए हैं। साथ ही, 626 शिकायतों का निपटारा करते हुए 6,51,699 रुपये संदिग्ध खातों में फ्रीज कराए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में कई अलग-अलग राज्यों के लोग शामिल हैं, जो साइबर ठगी के मामलों में शामिल थे।

फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी लालच में न आएं और सतर्क रहें। अगर किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।