June 6, 2026

चाकू के दम पर चेन लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, 8 और वारदातों का खुलासा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में चाकू दिखाकर सोने की चेन लूटने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह घटना 10 अप्रैल को सूरजकुंड थाना क्षेत्र की ग्रीनफील्ड कॉलोनी में हुई थी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान साजिद कुरैसी (30) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मथुरा (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और फिलहाल जयपुर में रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर रात के समय ग्रीनफील्ड कॉलोनी के गेट नंबर-16 के पास एक व्यक्ति से करीब 1.5 तोले सोने की चेन चाकू की नोक पर लूट ली थी और फिर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी जयपुर में एक सिगरेट कंपनी में मार्केटिंग का काम करता है। उसके खिलाफ पहले से गुरुग्राम और राजस्थान में लूट और स्नैचिंग के करीब 10 मामले दर्ज हैं। वह एक साल पहले ही जेल से बाहर आया था।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने फरीदाबाद में लूट और स्नैचिंग की 8 अन्य वारदातों का भी खुलासा किया है। फिलहाल उसे कोर्ट में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।