June 6, 2026

हाईवे की दीवारों पर पोस्टर-बैनर लगाने पर होगी सख्त कार्रवाई: निगमायुक्त

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद नगर निगम के आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने शहर की सुंदरता बनाए रखने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद और बल्लभगढ़ में नेशनल हाईवे के फ्लाईओवर की दीवारों पर सुंदर पेंटिंग बनाई जा रही हैं।

इन पेंटिंग्स में भारतीय संस्कृति, प्राचीन कला और भारतीय सेना के लड़ाकू विमानों जैसे प्रेरणादायक चित्र बनाए जा रहे हैं, जिससे शहर ज्यादा आकर्षक दिख रहा है और लोगों को अच्छा माहौल मिल रहा है।

निगमायुक्त ने कहा कि इन पेंटिंग्स का मकसद शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाना है। इसलिए सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि इन दीवारों को नुकसान न पहुंचाएं।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति इन दीवारों या किसी भी सार्वजनिक जगह पर पोस्टर, बैनर या विज्ञापन चिपकाते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि शहर को साफ और सुंदर बनाए रखने में नगर निगम का साथ दें और अपनी जिम्मेदारी निभाएं।