June 26, 2026

फरीदाबाद में एक हफ्ते में 32 साइबर ठग गिरफ्तार, करीब 8 लाख रुपए बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह में 32 ठगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान करीब 7,99,894 रुपये भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में 21 से 27 मार्च के बीच साइबर थाना एनआईटी, सेंट्रल और बल्लभगढ़ की टीमों ने मिलकर यह कार्रवाई की। पुलिस ने 9 मामलों में जांच करते हुए आरोपियों को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, इस दौरान 217 शिकायतों का निपटारा भी किया गया और करीब 4,06,715 रुपये ठगों के खातों में फ्रीज कराए गए, जिससे पीड़ितों के पैसे सुरक्षित किए जा सके।

गिरफ्तार आरोपियों में कई राज्यों के लोग शामिल हैं, जो अलग-अलग तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे।

फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी तरह के लालच में न आएं। अगर किसी के साथ साइबर ठगी होती है, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।