September 15, 2026

डबुआ में महिला से ठगी कर कुण्डल उतरवाने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने डबुआ गांव में महिला को झांसे में लेकर उसके कुण्डल उतरवाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 26 मार्च की सुबह की है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमिन (28) और रियासत (32) के रूप में हुई है, जो गांव तिलपत के रहने वाले हैं। इस मामले में एक तीसरा आरोपी भी शामिल है, जिसकी तलाश जारी है।

शिकायत के मुताबिक, डबुआ गांव की एक महिला सुबह करीब 6:30 बजे डॉक्टर की दुकान से घर लौट रही थी। तभी एक युवक ने उसे रोककर मंदिर का रास्ता पूछा। इसी दौरान उसके दो साथी भी वहां आ गए और तीनों ने मिलकर महिला को बातों में उलझा लिया। फिर उन्होंने चालाकी से उसके कानों के कुण्डल उतरवा लिए और मौके से फरार हो गए।

महिला की शिकायत पर थाना डबुआ में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच बॉर्डर टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के रिमांड पर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।