November 29, 2026

299 रुपये वापस कराने के नाम पर ओटीपी लेकर 30,213 रुपये ठगे, खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad Cyber Police arrested bank account holder in Rs 30,213 OTP refund fraud case.

Faridabad/Alive News: साइबर ठगों ने 299 रुपये वापस कराने का झांसा देकर संजय कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से 30,213 रुपये निकाल लिए। इस मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने ठगी की रकम प्राप्त करने वाले बैंक खाते के खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली की गांधी कॉलोनी निवासी अमित के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत में बताया कि 14 सितंबर को उसके व्हाट्सऐप पर 299 रुपये कटने का मैसेज आया था। मैसेज में कटी हुई रकम वापस पाने के लिए एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था। पीड़ित ने उस नंबर पर कॉल किया तो सामने वाले व्यक्ति ने उससे ओटीपी हासिल कर लिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 30,213 रुपये निकाल लिए गए।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अमित को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते में ठगी की पूरी रकम 30,213 रुपये ट्रांसफर हुई थी। आरोपी छठी कक्षा तक पढ़ा है और मजदूरी करता है।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।