Faridabad/Alive News: सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर उस पर क्लिक करना पर्वतीया कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। विज्ञापन पर क्लिक करते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया और बैंक खाते से 1,22,999 रुपये निकल गए। इस मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने उत्तराखंड निवासी एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उधमसिंह नगर निवासी गुरनाम सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पीड़ित ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी कि 17 अक्टूबर 2026 को उसने इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन देखा था। उस पर क्लिक करने के बाद उसका फोन हैक हो गया और बैंक खाते से 1,22,999 रुपये कट गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने गुरनाम सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खाताधारक है और उसके बैंक खाते में ठगी की रकम में से 98 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। आरोपी दसवीं पास है और मजदूरी करता है।

