March 7, 2026

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 29.45 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 29.45 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ऑजोन पार्क अपार्टमेंट, सेक्टर-86 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 17 फरवरी 2024 को उसे व्हाट्सएप पर Dhani Growth Club नामक ग्रुप में जोड़ा गया। वहां उसे निवेश कर बड़ा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। आरोपियों ने उससे एक Dhani App डाउनलोड करवाकर खाता खुलवाया और विभिन्न ट्रांजेक्शन के जरिए उससे कुल 29,45,000 रुपये हड़प लिए। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुजीत कुमार और अदनान, निवासी अशोक विहार, पश्चिम दिल्ली (वर्तमान पता – बलि नगर, वेस्ट दिल्ली) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ठगी के लिए खाताधारकों को होटल में ठहराते थे। जब तक पैसे खातों में आते थे, तब तक वे पीड़ितों को अपने पास रखते थे। इस दौरान वे उनके फोन में एक 

एपीके फाइल डाउनलोड करवाते, जिससे फोन का कंट्रोल ठगों के पास चला जाता और वे खातों से पैसे निकाल लेते थे।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।