May 4, 2024

17 वर्षीय किशोरी को फतेहगढ़ से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा

Faridabad/Alive News : क्राइम ब्रांच कैट की टीम ने एक किशोरी को पंजाब के फतेहगढ़ से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सराय ख्वाजा थानाक्षेत्र में एक परिवार की पांच पुत्रियों में 17 वर्षीय सबसे छोटी पुत्री सप्ताह भर पहले लापता हो गई थी। परेशान परिजनों ने सरायख्वाजा थाना प्रभारी को बताया कि उन लोगों ने उसे ढूढ़ने का बहुत प्रयास किया और सगे-संबंधियों से भी पता किया किन्तु, लड़की कहीं नहीं मिली।

पुलिस ने सहानुभूतिपूर्वक शिकायत दर्ज करके लड़की की तलाश शुरू कर दी। इस मामले में कैट टीम ने तकनीकी माध्यम व अपने गहरे अनुभव से लड़की का पता लगाने का प्रयास किया। कैट का प्रयास सफल रहा और लापता किशोरी के पंजाब के फतेहगढ़ में होने की बात पता चली। पुलिस टीम फतेहगढ़ के लिए प्रस्थान कर गयी और नाबालिग लड़की को सकुशल फरीदाबाद ले आयी। थाना में लड़की के परिजनों को भी बुलाया गया। लड़की ने अपने पिता से नाराज होकर बिना किसी को कुछ बताये घर से चले जाने की बात कही। पुलिस ने सभी कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए लड़की को उनके परिजनों को सौंप दिया।