March 8, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर 1.58 लाख की ठगी, खाता उपलब्ध करवाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने टेलीग्राम टास्क के नाम पर हुई ठगी के मामले में खाता उपलब्ध करवाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

सेक्टर-77 के एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके टेलीग्राम पर एक लिंक आया, जिस पर क्लिक करते ही वह एक ग्रुप से जुड़ गया। वहां उसे गूगल पर रिव्यू करने के टास्क देकर पैसे कमाने का लालच दिया गया। शुरू में उसने उनके बताए अनुसार टास्क पूरे किए, लेकिन बाद में ठगों ने अलग-अलग खातों में 1,58,700 रुपये ट्रांसफर करवाए।

जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगने की कोशिश की तो ठगों ने कहा कि उसका खाता फ्रीज़ हो गया है और उसे फिर से चालू कराने के लिए और पैसे देने होंगे। इस पर पीड़ित ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई।

जांच के दौरान पुलिस ने वसीम खान (20), निवासी नीम सर्क, जिला सीतापुर (उ.प्र.) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि वसीम ने प्रभु दयाल नामक व्यक्ति का बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवाया था। प्रभु दयाल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने वसीम को अदालत में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया है।