September 27, 2026

क्रेडिट कार्ड दोबारा चालू करने के नाम पर 1.43 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: सुभाष  कॉलोनी के एक युवक से क्रेडिट कार्ड रि-एक्टिवेट करने के नाम पर ठगे 1.43 लाख रुपये।फरीदाबाद के साइबर थाना बल्लभगढ़ की पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया हैं। जो ठगी के पैसों वाला बैंक खाता इस्तेमाल कर रहा था। 

सुभाष कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताया और कहा कि शिकायतकर्ता का कार्ड रद्द होने वाला है क्योंकि उसने कभी उसका इस्तेमाल नहीं किया। कॉलर ने कहा कि कार्ड चालू रखने के लिए उसे 4400 रुपये जमा कराने होंगे।

इसके बाद उसने शिकायतकर्ता को एक वेबसाइट (helpCPP.info) खोलकर वहां कार्ड की जानकारी भरने को कहा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने जानकारी भरी, थोड़ी देर में उसके खाते से दो बार में कुल ₹1,43,850 कट गए।

शिकायत मिलने पर साइबर थाना बल्लभगढ़ ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए विजय कुमार उम्र 28 साल, निवासी ग्रीन फील्ड कॉलोनी, हाल निवासी भारत कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में पता चला कि विजय का बैंक खाता पहले ही एक अन्य आरोपी प्रदीप जो पहले से गिरफ्तार (उत्कर्ष बैंक का सेल्स एग्जीक्यूटिव) ने खुलवाया था। ठगी के ₹1,30,000 विजय के खाते में आए थे, जिसे वह निकालकर प्रदीप को दे देता था।
पुलिस ने विजय को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।